Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

पत्नी के मायके से वापस नहीं आने से परेशान एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपनी पत्नी को फोन कर बच्चों का ख्याल रखने और उससे बेहद प्यार करने की बात कही थी। कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है।यह घटना ललौली थाना क्षेत्र के पथरी मजरा अढ़ावल गांव की है। पुलिस के अनुसार, 35 साल के अमित निषाद अपने घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि अमित शारीरिक रूप से दिव्यांग था और मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी अनीता इन दिनों अपने मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थी। अमित लगातार उसे घर लौटने के लिए कह रहा था, लेकिन वह अभी तक वापस नहीं आई थी।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले अमित ने पत्नी को फोन किया। दोनों के बीच करीब पांच मिनट तक बातचीत हुई। परिजनों के मुताबिक, फोन पर उसने कहा कि अब तुम बच्चों का ध्यान रखना, मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। इसके बाद उसने घर के अंदर साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक अमित बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। वहां वह फंदे से लटका मिला। यह नजारा देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

अमित अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी सात साल की बेटी मानसी, पांच साल का बेटा आयुष और दो साल का अभिषेक अब पिता के साये से वंचित हो गए हैं। इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *