सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने लोगों के मकान और दुकानें बुलडोज कर दीं। गरीबों के प्रति सरकार का रवैया उदार होना चाहिए, क्योंकि उनके मकान में उनकी पूरी पूंजी लगी होती है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले लोगों को घर में रखा सामान निकालने का मौका दिया जाना चाहिए था।
अखिलेश ने कहा कि लोगों को अपना सामान निकालने नहीं दिया गया और उसे बुलडोजर में भरकर कहीं ले जाया गया। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घर, मकान और सामान समेत जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई में जिन लोगों के घरों, दुकानों और सामान को नुकसान पहुंचा है, सरकार को उसकी भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा सरकार नुकसान की भरपाई नहीं करती है तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवारों को उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित महिलाओं ने भी अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद अखिलेश यादव ने उन लोगों के नाम और उनकी संपत्तियों का विवरण साझा किया, जिनकी संपत्तियां बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित हुई हैं।

