काजोल की बहन तनीषा ने महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (MSEB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। अभिनेत्री का आरोप है कि उनके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया और उनसे भारी-भरकम बिल का भुगतान करने के लिए कहा गया।तनीषा मुखर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लोनावला में बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की ओर से कथित तौर पर बहुत ज्यादा रकम के बिल दिए जा रहे हैं और भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। अभिनेत्री ने दावा किया कि उनके घर की बिजली शनिवार शाम को काट दी गई, जबकि उनके मुताबिक बिल की तय अंतिम तारीख अभी नहीं आई थी। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाया। तनीषा ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य संबंधित लोगों को टैग करते हुए लोनावला में बिजली व्यवस्था को लेकर हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि वहां उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त नियमन होना चाहिए और किसी तरह की मनमानी नहीं होनी चाहिए।
तनीषा मुखर्जी ने लोनावला स्थित अपने पुश्तैनी घर की बिजली कटने पर महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड पर नाराजगी जताई

