भाजपा संगठन चुनाव के तहत जिलाध्यक्षों के चुनाव 31 दिसंबर तक होने थे। शुरुआत में यह तय किया गया था कि 1 से 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्षों के चुनाव होंगे और उसके बाद 16 से 31 दिसंबर के बीच जिलाध्यक्षों का चुनाव संपन्न होगा। हालांकि, दिसंबर महीने में जिलों में रायशुमारी पूरी कर ली गई, लेकिन जिलाध्यक्षों की घोषणा में दिग्गज नेताओं के बीच सहमति न बन पाने के कारण यह प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी। अब अध्यक्षों के नाम की घोषणा का सिलसिला शुरू हो गया है।मध्य प्रदेश भाजपा ने दूसरे दिन भाजपा के करीब एक दर्जन से ज्यादा जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा की है। सोमवार रात को भोपाल नगर से रविंद्र यति, भोपाल ग्रामीण से तीरथ सिंह मीणा, नीमच से वंदना खंडेलवाल, देवास से राय सिंह सेंधव को जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दोपहर में ही एक से दो दिन में सभी जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा की थी। इससे एक दिन पहले भाजपा ने उज्जैन और विदिशा के जिला अध्यक्षों के नाम का ऐलान किया था।


