गाजियाबाद जनपद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बागपत कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा और पति के साथ रहने व मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। महिला के मुताबिक, उसकी बातचीत बागपत के लुहारी गांव निवासी सूरज कुमार से जीवनसाथी ऐप के जरिए शुरू हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। उसने आरोप लगाया है कि सूरज ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी दौरान उसने खुद को सेना में तैनात बताते हुए लद्दाख में ड्यूटी करने की बात भी कही। महिला के अनुसार, दोनों ने 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन इसके बाद सूरज यह कहकर वहां से चला गया कि उसे ड्यूटी पर लौटना है। महिला का आरोप है कि इसके बाद वह लगातार पति से संपर्क करने का प्रयास करती रही। हर बार उसे छुट्टी मिलने पर वापस आने का भरोसा दिया जाता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब पति वापस नहीं आया तो महिला खुद उसकी तलाश में बागपत के लुहारी गांव पहुंच गई।महिला का आरोप है कि वहां सूरज ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद वह बागपत कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। उसने शिकायती पत्र देकर कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और यदि पति उसे साथ रखने से इनकार करता है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।महिला ने अपनी सुरक्षा की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी। अब मामला पुलिस जांच के दायरे में है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। शादी से जुड़े दस्तावेज, दोनों के बीच हुई बातचीत और सूरज के सेना में होने के दावे समेत अन्य तथ्यों की जांच भी मामले में अहम मानी जा रही है।
मैट्रिमोनियल साइट पर शुरू हुई लव स्टोरी के बाद जिस युवक से आर्य समाज मंदिर में शादी की, वही पति अब अचानक हुआ लापता

