हादसा इतना भीषण था कि एक छोटी बच्ची समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।मुजफ्फरनगर में उस समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जब बुढाना कोतवाली क्षेत्र के भैसाना गांव के पास दो बाइक सवार एक बच्ची सहित पांच लोगों को एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने भीषण टक्कर मार दी।घटना बुढ़ाना क्षेत्र के भैंसाना गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, दो बाइक पर सवार पांच लोग मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बड़ौत डिपो की रोडवेज बस से उनकी टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोमिन, फरमान और करीब ढाई-तीन साल की बच्ची भल्लो के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल इदरीश और साजिद को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या पांच हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

