राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में जुड़ने के बाद आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। AAP की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में संबंधित पोलिंग पार्ट में 746 मतदाता थे, लेकिन बाद में राघव चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के तौर पर जुड़ गया। भारद्वाज के मुताबिक, राजिंदर नगर की मतदाता सूची में सीरियल नंबर 747 पर राघव चड्ढा, पिता सुनील चड्ढा, उम्र 37 साल का नाम दर्ज है।AAP नेता ने चड्ढा के 3 सितंबर के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम हटने के बाद वह पंजाब में दोबारा मतदाता के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन कराएंगे। सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब ड्राफ्ट सूची में 746 नाम थे, तो उसके बाद 747वां नाम किस प्रक्रिया के तहत जोड़ा गया। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की। भारद्वाज ने कहा कि अगर चुनाव आयोग इस प्रक्रिया की जानकारी देता है, तो इससे उन 47 लाख लोगों को भी मदद मिल सकती है, जिनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं और जो अपने नाम दोबारा जुड़वाने की कोशिश कर रहे हैं।पंजाब से बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में जुड़ गया है। दिल्ली में इस समय चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी कि SIR के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के दौरान चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में शामिल किया गया है। इसके साथ ही उनका नाम पंजाब की मतदाता सूची से हटा दिया गया है। चड्ढा पंजाब से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा पहुंचे थे।

