एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय संकल्प शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया की रेल बाजार थाना क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास एक कमरा किराए पर लिया गया था। इसी कमरे में नकली नोट तैयार किए जा रहे थे। पुलिस को गिरोह के बारे में जानकारी मिली तो टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। कमरे की तलाशी ली गई तो वहां नकली नोटों की खेप के साथ उन्हें तैयार करने का सामान मिला। मौके से बांगरमऊ, उन्नाव के रघुवर खेड़ा निवासी शेर सिंह (52), रोशन अली (24) और जालौन के उरई थाना क्षेत्र के गड़र बिनौर निवासी सोमिल गुप्ता (36) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, शेर सिंह वर्तमान में चकेरी इलाके में संजू पुलिया के पास किराए के कमरे में रह रहा था।पुलिस की पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी नकली नोटों का सौदा ‘एक के बदले तीन’ के हिसाब से करते थे। यानी जितनी रकम कोई व्यक्ति देता था, उसके बदले उसे तीन गुना कीमत के नकली नोट दिए जाते थे। कम कीमत वाले नोटों को बाजार में आसानी से चलाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के निशाने पर खास तौर पर रेलवे स्टेशन के आसपास की छोटी दुकानें रहती थीं। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के बाजारों में भी नकली नोट खपाने की कोशिश की जाती थी।पुलिस की छापेमारी में बरामद नकली करेंसी को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि गिरोह छोटे मूल्य के नोटों पर ज्यादा निर्भर था। पुलिस के अनुसार बरामद नकली नोटों में 100 रुपए के 1991 नोट 50 रुपए के 71 नोट और 500 रुपए के 4 नोट शामिल हैं। इन सभी नोटों की कुल कीमत 2,04,650 रुपए है। नकली करेंसी के अलावा पुलिस ने एक प्रिंटर, कैंची, दो पेपर कटर, दो स्केल, चार खाली और पांच भरी हुई इंक की बोतल डिब्बियां, एक रिम पेपर, कपड़े, ट्रॉली बैग और दूसरे उपकरण भी बरामद किए हैं।गिरोह के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि अब तक कितनी नकली करेंसी छापी जा चुकी है और बाजार में कितने नोट पहुंच चुके हैं। पुलिस कानपुर सेंट्रल के अलावा आसपास के जिलों के रेलवे स्टेशनों और वहां के बाजारों में भी इस नेटवर्क के संपर्क तलाश रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को नकली नोट तैयार करने के लिए विशेष पेपर और अन्य सामान कहां से मिलता था।
आरोपी नकली नोटों का सौदा ‘एक के बदले तीन’ के हिसाब से करते थे-कानपुर में पुलिस ने नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

