सीएम योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि जीवन में धैर्य और अनुशासन हमारी सबसे बड़ी पूंजी होनी चाहिए।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी भी तरह का हुड़दंग नहीं होना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाओं का विरोधी फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं सभी कांवड़ संघों से विनम्र अपील करूंगा कि याद रखना, हम सब श्रीराम के वंशज हैं, श्रीकृष्ण के अनुयायी हैं और भोले शंकर के भक्त हैं। हम सब इस बात का ध्यान रखेंगे। राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शंकर की समरसता व जीवंतता हमेशा हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।


