पीड़ित महेंद्र प्रजापति ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उनके बड़े भाई विनोद प्रजापति, उनकी पत्नी उर्मिला देवी और परिवार के कुछ अन्य सदस्य पिछले कई महीनों से उनकी पत्नी सरिता को ‘डायन’ कहकर अपमानित कर रहे हैं। इस झूठे और अपमानजनक आरोप के कारण सरिता को लगातार मानसिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा है, जिससे पूरे परिवार का सामाजिक जीवन प्रभावित हुआ है।यूपी के सोनभद्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव में एक महिला को कथित रूप से ‘डायन’ बताकर मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। अंधविश्वास के चलते पीड़ित परिवार का जीना मुहाल हो गया है, जिसके बाद अब पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।शिकायत के अनुसार, आरोपी परिवार अपनी एक बच्ची की बीमारी का जिम्मेदार सरिता को ठहरा रहे हैं। उनका आरोप है कि सरिता ने जादू-टोना करके बच्ची को बीमार किया है। इसी अंधविश्वास के चलते शनिवार की शाम को दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी बढ़ गया। विवाद इतना गहरा गया कि आरोपियों ने पीड़ित महेंद्र और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। जान का खतरा देखते हुए महेंद्र तुरंत अपनी पत्नी और बच्चे को साथ लेकर महिला थाने पहुंचे और सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं।इस संवेदनशील मामले को लेकर महिला थाना प्रभारी संतू सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।


