शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता ने कहा,’आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस से डरते हैं। कांग्रेस कभी डूबता हुआ जहाज नहीं थी।’ उन्होंने यह भी कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में भी उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) जैसी पार्टियों को फिर से कांग्रेस के साथ आने और उसे मजबूत करने की बात कही थी। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस कोई ‘डूबता हुआ जहाज’ नहीं है और जो नेता पहले कांग्रेस छोड़कर अलग दल बना चुके हैं, उन्हें अब फिर से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से इस दिशा में पहल करने की अपील भी की। यह बयान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा एक दिन पहले कांग्रेस को ‘डूबता जहाज’ बताए जाने के जवाब में आया है।राउत ने पुणे में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीजेपी की राजनीति का मुकाबला करने के लिए सभी विपक्षी दलों को साथ आना होगा। उन्होंने कहा, ‘यदि हम वास्तव में बीजेपी की विकृत राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहते हैं, तो सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनना चाहिए। कांग्रेस छोड़कर गए सभी नेताओं को पहले एक साथ आना चाहिए। यदि वरिष्ठ नेता शरद पवार पहल करें तो यह संभव हो सकता है। हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं और हम आपके साथ खड़े रहेंगे।

