मुंबई, : जैसे-जैसे भारतीय घरों में मनोरंजन का तरीका बदल रहा है और दर्शक तेजी से ऑन-डिमांड डिजिटल मनोरंजन को अपना रहे हैं, मनोरंजन जगत की दो बड़ी ताकतें टेलीविजन के भविष्य को नई दिशा देने के लिए साथ आई हैं। दशकों से एकता कपूर ने ऐसे किरदारों और कहानियों के जरिए भारतीय मनोरंजन को आकार दिया है, जो देशभर के घरों में रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बन गए। अब एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स और YouTube ने एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी की है। इस साझेदारी के जरिए विश्वस्तरीय कहानी कहने की कला और डिजिटल पहुंच को एक साथ लाते हुए दुनियाभर के दर्शकों के लिए उनकी पसंद और जरूरत के अनुरूप प्रीमियम कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा।
YouTube लंबे समय से प्रीमियम कंटेंट के लिए एक प्रमुख मंच और मीडिया इंडस्ट्री के लिए प्रभावी प्रचार माध्यम रहा है। आकर्षक, मनोरंजक और सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक कहानियों को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने की साझा सोच के तहत इस साझेदारी के अंतर्गत YouTube पर 5 ओरिजिनल शो लॉन्च किए जाएंगे, जिनके कुल 200 एपिसोड होंगे। ये शो आज के डिजिटल-फर्स्ट दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे।
इस साझेदारी में एकता कपूर रचनात्मक दृष्टिकोण का नेतृत्व करेंगी और सभी बौद्धिक संपदा अधिकार (IP) उनके पास रहेंगे, जबकि YouTube दुनियाभर में इन शो के वितरण और विज्ञापनों व ब्रांड डील्स के माध्यम से इनके मुद्रीकरण के रास्ते उपलब्ध कराएगा। इन ओरिजिनल शो की सूची में लोकप्रिय पुराने शो की वापसी के साथ-साथ नई कहानियां भी शामिल होंगी। इनमें ‘हक से’ सीजन 2, ‘फिर प्यार की ये कहानी सुनो’, ‘कहने को हमसफर हैं’ सीजन 4 और कुछ अन्य प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिन पर फिलहाल काम चल रहा है।
शानदार 4K क्वालिटी में तैयार किए जाने वाले ये डिजिटल-फर्स्ट और टीवी स्तर के शो दुनियाभर के दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगे। भारतीय परिवारों द्वारा मनोरंजन के लिए YouTube को तेजी से टीवी स्क्रीन पर अपनाए जाने के बीच, अप्रैल 2025 में YouTube ने भारत में 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 7.5 करोड़ से अधिक लोगों तक कनेक्टेड टीवी (CTV) के जरिए पहुंच बनाई। वहीं Comscore के अनुसार, मई 2025 में भारत में मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बीच CTV स्क्रीन पर YouTube की पहुंच सबसे अधिक थी। YouTube पर इन शो को सीधे लॉन्च करके बालाजी टेलीफिल्म्स उच्च गुणवत्ता वाली कहानियों को सीधे उन दर्शकों तक पहुंचा रहा है, जो पहले से ही अपने घरों के टीवी स्क्रीन पर मौजूद हैं।
इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर एकता कपूर ने कहा,
“हर कहानी एक एहसास से शुरू होती है, जिसमें दिलों को छूने, यादें जगाने और लोगों को एक साथ लाने की ताकत होती है। मेरे लिए कहानी कहना हमेशा से ऐसे भावनात्मक रिश्ते बनाने के बारे में रहा है, जो स्क्रीन बंद होने के काफी समय बाद भी दर्शकों के साथ बने रहें। जैसे-जैसे अधिक से अधिक दर्शक कंटेंट को देखने और उससे जुड़ने के लिए YouTube का रुख कर रहे हैं, यह हमारे लिए नए और रचनात्मक तरीकों से दर्शकों तक पहुंचने का एक शानदार अवसर है। YouTube India के साथ इस साझेदारी के जरिए हम दुनियाभर के दर्शकों के लिए ऐसी कहानियां लेकर आने की एक नई शुरुआत कर रहे हैं, जो उनका मनोरंजन करें, उन्हें प्रेरित करें और उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित करें।”
YouTube India की मैनेजिंग डायरेक्टर गुंजन सोनी ने कहा,
“टेलीविजन का भविष्य ऐसे डिजिटल-फर्स्ट दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाना चाहिए, जो दोनों दुनियाओं का सर्वश्रेष्ठ चाहते हैं—घर की सबसे बड़ी स्क्रीन पर उच्च गुणवत्ता वाले शो और साथ ही अपनी सुविधा के अनुसार उन्हें कभी भी देखने की आजादी। एकता कपूर और मानवीय भावनाओं को समझने तथा रचनात्मक कहानी कहने की उनकी असाधारण क्षमता के साथ हम आज YouTube पर टेलीविजन के इस भविष्य को संभव बना रहे हैं। मैं इस साझेदारी को लेकर बेहद उत्साहित हूं और यह देखकर भी खुशी है कि YouTube किस तरह नए और रचनात्मक कहानीकारों के लिए वितरण और कमाई के नए रास्ते खोल रहा है, ताकि वे अपनी शर्तों पर दर्शकों तक पहुंच सकें।”
कई ओरिजिनल शो इस त्योहारी सीजन से लॉन्च होने वाले हैं। यह साझेदारी कहानी कहने के एक नए दौर की शुरुआत का संकेत है। प्रशंसक ट्रेलर, पर्दे के पीछे की झलकियों और आगामी प्रीमियर की जानकारी पाने के लिए आज ही @TheIndianKDrramas चैनल को सब्सक्राइब कर सकते हैं।
एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने YouTube के साथ साझेदारी कर 5 विशेष प्रीमियम शो लॉन्च करने की घोषणा की, डिजिटल स्टोरीटेलिंग के नए दौर की शुरुआत

