पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश कथित तौर पर शालू ने रची थी। पुलिस के मुताबिक, शालू अपने खर्चों और गतिविधियों पर लगाई जा रही पाबंदियों से नाराज थी। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने पुराने नौकर विशाल गौतम को कथित तौर पर छह लाख रुपये की सुपारी दी। आरोप है कि विशाल ने अपने साथी राज किशोर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। दोनों डुप्लीकेट चाबी की मदद से फ्लैट में दाखिल हुए और विनीत पर चाकू से हमला कर दिया।कानपुर के कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में चर्चित दवा कारोबारी विनीत मीनोचा की हत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, करोड़ों रुपये के कारोबारी विनीत मीनोचा की हत्या की मुख्य साजिशकर्ता उनकी बहू शालू निकली। खर्चों और गतिविधियों पर पाबंदी लगाए जाने से नाराज शालू ने कथित तौर पर पुराने नौकर विशाल गौतम को ससुर की हत्या की सुपारी दी थी। विशाल ने अपने साथी राज किशोर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।विनीत मीनोचा बिरहाना रोड स्थित ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम की फर्म चलाते थे। पुलिस के अनुसार उनका सालाना कारोबार करीब 40 से 50 करोड़ रुपये का था। वह कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट के सी-104 फ्लैट में रहते थे, शनिवार रात विनीत घर में अकेले थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। रविवार तड़के करीब तीन बजे उनका बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह साल का बच्चा घर लौटे। बेडरूम में विनीत की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। कमरे में संघर्ष के निशान मिले। पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर चाकू के करीब 26 वार किए जाने की बात सामने आई।पुलिस ने अपार्टमेंट की सीसीटीवी फुटेज, गेट रजिस्टर और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच शुरू की। हत्या वाले दिन शालू और विशाल के बीच हुई बातचीत और दोनों की गतिविधियों को खंगाला गया। अपार्टमेंट में वारदात के समय करीब 45 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जबकि मुख्य गेट पर तीन गार्ड ड्यूटी पर थे। पुलिस ने गेट रजिस्टर में दर्ज एंट्री और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया। रात करीब 8:28 बजे की एंट्री समेत संदिग्ध आवाजाही की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को शालू और आरोपियों के बीच संपर्क तथा उनके घटनास्थल तक पहुंचने की कड़ियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

