आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’ भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक है और इसकी घोषणा के बाद से ही यह लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में रिलीज़ हुए फिल्म के ट्रेलर ने भारतीय उपमहाद्वीप के इतिहास के सबसे दर्दनाक दौर की दमदार झलक दिखाई है। शबाना आज़मी, सनी देओल और प्रीति जिंटा की शानदार अदाकारी से सजी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है।
फिल्म के ट्रेलर की कहानी ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कई साल पहले ही राजकुमार संतोषी ने 2009-10 में सनी देओल को ‘बंटवारा 1947’ की कहानी सुनाई थी?
जी हां, राजकुमार संतोषी ने करीब 16 साल पहले सबसे पहले यह कहानी सनी देओल को सुनाई थी। हालांकि उस समय यह फिल्म आगे नहीं बढ़ पाई, क्योंकि किसी भी प्रोड्यूसर ने इसे बनाने की जिम्मेदारी नहीं ली। इसकी बड़ी वजह यह थी कि फिल्म एक पारंपरिक एक्शन एंटरटेनर नहीं थी।
कई साल बाद आमिर खान ने इस कहानी की ताकत पर भरोसा जताया और आमिर खान प्रोडक्शंस के जरिए बतौर प्रोड्यूसर इस फिल्म से जुड़े। उनके साथ आने के बाद राजकुमार संतोषी का वर्षों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो सका। कई सालों तक सही प्रोड्यूसर का इंतजार करने के बाद अब यह फिल्म बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। साथ ही, करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी भी इस फिल्म के जरिए फिर साथ आई है।
‘बंटवारा 1947’ एक बेहद भावुक और दमदार कहानी है, जो बंटवारे का परिवारों पर पड़े असर को दिखाती है और यह संदेश देती है कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। ट्रेलर ने पहले ही फिल्म की दमदार परफॉर्मेंस और भावनाओं से भरपूर कहानी की झलक दिखा दी है। फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म को आमिर खान और अपरणा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। दर्शक इस दमदार कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

