मुंबई :दोपहर करीब पौने चार बजे मिलीत 11वीं मंजिल की लॉबी में एक छोटी बच्ची के साथ खेल रहा था। इसी दौरान लॉबी की खिड़की से अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। नीचे मौजूद अग्निशमन व्यवस्था के पाइप से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। सोसायटी के सदस्यों ने तुरंत उसे वसई के कार्डिनल ग्रेशियस अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मिलीत के पिता दिनेशकुमार ने उसे आगे की पढ़ाई के लिए महाबलेश्वर स्थित एक हॉस्टल में भेजने का फैसला किया था। बुधवार सुबह उसे हॉस्टल छोड़ने की तैयारी भी पूरी हो चुकी थी। उसका बैग भी पैक करके रखा गया था। लेकिन हॉस्टल जाने से ठीक एक दिन पहले ही काल ने उसे अपने आगोश में ले लिया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
इस दुर्घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने बिल्डर की लापरवाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निवासियों का कहना है कि लॉबी की खिड़कियों पर सुरक्षा के लिए जाली लगाने की मांग सोसायटी के सदस्यों ने कई बार की थी। लेकिन बिल्डर ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया। इसके अलावा, सोसायटी की लिफ्टों की हालत भी खराब है और एक विंग की लिफ्ट बंद होने की बात भी निवासियों ने कही है।

