AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशियों की एक सूची जारी की है। सवाल यह पैदा होता है कि इस सूची में ऊपर के जो चार नाम हैं, वे पहले से ही विधायक हैं- कोई दो बार का विधायक है तो कोई तीन बार का। लेकिन क्या इन लोगों को पिछले 5 साल में, या जितनी भी बार ये सदन में रहे हैं, कभी बोलते हुए देखा गया है? मैं चुनौती के साथ कह रहा हूं कि पिछले 5 साल में जब बीजेपी सरकार में मुसलमानों पर जुल्म और ज्यादती हुई, फर्जी एनकाउंटर हुए, बुलडोजर का दुरुपयोग हुआ और हमारी मस्जिदों को शहीद किया गया, तब क्या कभी इन विधायकों ने सड़क से लेकर सदन तक कोई आंदोलन किया या कोई बयान दिया? अगर दिया है, तो ये उसकी वीडियो क्लिप लाकर दिखा दें।AIMIM के प्रवक्ता ने आगे कहा कि दूसरी बात यह है कि ये लोग जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। जो लोग नाकारा हैं और जिन्होंने कभी मुसलमानों की आवाज नहीं उठाई, उन्हें दोबारा मौका देकर आप यह साबित करना चाह रहे हैं कि आपको ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ से डर लगता है। आप नहीं चाहते कि ऐसे लोग जीतकर सदन में जाएं, जो उस पीड़ित, वंचित और शोषित वर्ग की बात करते हैं, जिनके साथ अत्याचार हो रहा है। आप जनता पर ऐसे नाकारा विधायकों को थोपना चाहते हैं।

