चाकू दिखाकर यात्री से लूटपाट करने वाले एक अनोखे पारिवारिक गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत कुल चार लोगों को दबोचा है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वारदात के वक्त ई-रिक्शा में अपने ही घर की महिलाओं और बच्चों को बैठाकर रखते थे, ताकि किसी भी यात्री को उन पर थोड़ा सा भी संदेह न हो।घटना 14 नवंबर की रात की है। रात करीब 11 बजे न्यू अशोक नगर थाने में राजेश कुमार नामक व्यक्ति ने पीसीआर कॉल कर शिकायत दी कि एक ई-रिक्शा ड्राइवर ने चाकू की नोक पर उससे पांच हजार रुपये ले लिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वारदात के समय उस ई-रिक्शा में दो महिलाएं और दो बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि पीड़ित रात करीब 10:30 बजे आनंद विहार बस अड्डे जाने के लिए नोएडा टी-पॉइंट से उस ई-रिक्शा में सवार हुआ था। उस रिक्शा में पहले से ही दो महिलाएं और दो बच्चे बैठे थे। सफर के दौरान चालक ने अपनी पत्नी और बच्चों को घर उतारने का बहाना बनाया और गाड़ी को धर्मशिला अस्पताल के रास्ते पर मोड़ लिया। इसके बाद वह यात्री को धर्मशिला पुल के नजदीक एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां चाकू दिखाकर उसने जबरन उसके पैसे और जरूरी दस्तावेज छीन लिए।पुलिस के अनुसार, इस दौरान ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं ने भी यात्री को धमकाया और चुपचाप ड्राइवर की बात मानने का दबाव बनाया। पीड़ित की शिकायत पर न्यू अशोक नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4)/3(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस सबसे पहले ई-रिक्शा के मालिक, कल्याणपुरी निवासी 55 वर्षीय अंसार तक पहुंची। पूछताछ में अंसार ने खुलासा किया कि यह ई-रिक्शा उसका बेटा जुबैर चलाता है। रिकॉर्ड खंगालने पर मालूम हुआ कि जुबैर और उसका जीजा नजरे आलम पहले भी सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज एक अन्य लूट के मामले में वांछित रहे हैं।
