लखनऊ: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के ऐलान के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए नए मोर्चे का स्वागत करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन ज़रूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब राजनीतिक परिवर्तन भी सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि जो भी ताक़त साम्प्रदायिक शक्तियों के ख़िलाफ ईमानदारी से लड़ेगी और PDA समाज की आवाज़ उठाएगी, उसकी आवाज़ जनता तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।
अखिलेश ने दावा किया कि इस नए विकल्प से भाजपा को 2-3 प्रतिशत वोटों का नुक़सान हो सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसे मोर्चों से मज़बूती आती है, बशर्ते उनकी मंशा समाज की भलाई हो।
अपने बयान के अंत में अखिलेश ने साफ संकेत दिया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में PDA से बड़ा कोई विकल्प नहीं है और परिवर्तन चाहने वाली जनता उसी राजनीतिक ताक़त के साथ जाएगी जिसका आधारभूत वोट सबसे मज़बूत होगा।
राजनीतिक सवाल यह है कि ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद का नया गठबंधन PDA के वोट समीकरण को कितना प्रभावित करेगा और 2027 की चुनावी लड़ाई में इसकी भूमिका क्या होगी?

