केशव प्रसाद मौर्य प्रतिभा सम्मान समारोह और समरसता सम्मेलन में शामिल होने बरेली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सामने मंडल की सभी 25 विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि फिलहाल इन 25 सीटों में से 20 भाजपा के पास हैं और अब बाकी पांच सीटें भी पार्टी के खाते में लाने का संकल्प लिया गया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि बरेली मंडल की सभी 25 सीटें, भाजपा के पास 20 हैं, ये 25 हो जाएं यह संकल्प आज यह प्रतिभा सम्मान समारोह और समरसता सम्मेलन में दोहराया है सब लोगों ने और हमें पूरा विश्वास है कि तीसरी बार बहुत बड़े बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी फिर सरकार बनाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा को दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं देगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा अभी 2047 तक आएगी नहीं यूपी में और भारतीय जनता पार्टी यूपी से जाएगी नहीं। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी में अपराध करने वाले लोग और माफिया शामिल हैं।
भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए उन्होंने पार्टी का नारा भी दोहराया। मौर्य ने कहा कि ओवैसी का मोर्चा हो या अखिलेश यादव का, सभी भाजपा के विरोधी हैं, लेकिन इसका चुनावी नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सौ में से 60% वोट हमारा है, 40% में बंटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है।

