पुलिस ने दिल्ली के दो अलग अलग जगहों पर तीन तस्कर और एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 311.61 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो लोगों को सेक्टर-5 बवाना के पास पकड़ा। वह जेजे कॉलोनी बवाना की ओर जा रहे थे। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि वह अपने साथ स्मैक ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान मोहम्मद रियाज और रियाज आलम के रूप में हुई। इनकी तलाशी लेने पर मोहम्मद रियाज के पास से 264.42 ग्राम स्मैक, मोबाइल फोन और 35 सौ रुपये जबकि रियाज आलम के कब्जे से 18.73 ग्राम स्मैक और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने उनकी स्कूटी भी जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह जेजे कॉलोनी बवाना में स्मैक की सप्लाई करने आए थे। पुलिस स्मैक के सप्लायरों की पहचान करने में जुटी है।वहीं देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने स्मैक की तस्करी और सप्लाई करने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 28.46 ग्राम स्मैक, वजन करने वाली मशीन और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार सप्लायर की पहचान मोहम्मद इमरान और तस्कर की आशीष उर्फ चंगू के रूप में हुई।


