दिल्ली :पीएम मोदी ने कहा कि आतंकियों और उसे शह देने वालों को अब भारत अलग-अलग नहीं देखेगा। ब्लेकमेल नहीं सहा जाएगा। हम पाकिस्तान की न्यूक्लियर धमकी को नहीं सहेंगे। दुश्मन को अब कड़ा जवाब दिया जाएगा। खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे। देशवासियों को भली भांति पता चला है कि सिंधु समझौता कितना गलत था।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से पाकिस्तान और आतंकियों को कड़ा संदेश दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान की नींद अभी भी उड़ी हुई है। पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है कि रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं, नई-नई जानकारियां आ रही हैं। आगे भी अगर दुश्मनों ने ये कोशिश जारी रखी, तो हमारी सेना तय करेगी, सेना की शर्तों पर, सेना द्वारा निर्धारित समय पर, सेना द्वारा तय लक्ष्य को अब हम अमल में लाकर रहेंगे। अब मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने अपने सशस्त्र बलों को पूरी छूट दी, उन्हें रणनीति बनाने, लक्ष्य निर्धारित करने और समय तय करने की अनुमति दी। हमारे सुरक्षा बलों ने कई दशकों से न देखी गई एक मिसाल कायम की। उन्होंने दुश्मन के इलाके में सैकड़ों किलोमीटर अंदर तक घुसकर हमला किया और आतंकवादी ठिकानों को धूल में मिला दिया।


