जानकारी के मुताबिक स्कूटी पार्किंग को लेकर मामूली विवाद बढ़ता गया और आरोपियों ने आसिफ का मर्डर कर दिया
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी का मर्डर कर दिया गया. स्कूटी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ छोटा सा विवाद हत्या की वारदात में तब्दील हो गया. इसके बाद गुरुवार (7 अगस्त) की देर रात करीब 11.00 बजे उनकी हत्या कर दी गई.
निजामुद्दीन में पार्किंग को लेकर हुए सनसनीखेज मर्डर का मामला संज्ञान में आते ही दिल्ली पुलिस एक्टिव हुई और कार्रवाई में जुट गई. जांच के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
अब तक पुलिस की जानकारी में जो सामने आया है, उसके अनुसार आसिफ कुरैशी और कुछ लोगों के बीच रात में लड़ाई हो गई. आसिफ ने आरोपियों से कहा था कि घर के गेट के बाहर स्कूटर पार्क न करें, लेकिन लोग नहीं माने जिसके बाद बहस शुरू हो गई. इस तनातनी में आरोपियों ने आसिफ पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया.
हमले में आसिफ कुरैशी बुरी तरह घायल हो गए. उनका बहुत खून बह गया थी. गंभीर हालत में तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.


