केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखण्ड की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून सहित राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
अमित शाह ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब रोपवे सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखण्ड में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव समारोह में ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये परियोजनाएं सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, शहरी विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित हैं।

