मुंबई :अभिनेत्री आरविका गुप्ता इन दिनों ओटीटी सीरीज़ ‘चिड़िया उड़’ में नज़र आ रही हैं। उनका किरदार चंपा एकदम अलग और अनोखा है। यह लुक इतना असली और रॉ था कि पहले दिन सेट पर कोई भी उन्हें पहचान नहीं पाया।
आरविका बताती हैं,
“इस सीरीज़ में मैंने एक ड्रग एडिक्ट, एचआईवी पॉजिटिव वेश्या का किरदार निभाया, जो ग्लैमर से कोसों दूर था। इस किरदार में ढलने के लिए मुझे बेजान और अस्वस्थ दिखना था। मैं सेट पर कम से कम खाना और पानी लेती थी ताकि खुद को कमजोर दिखा सकूं। मुझे एक पुराना, गंदा और बिना धुला सलवार सूट पहनाया गया था। लेकिन मेरे लुक को असली बनाने में मेकअप टीम का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने मेरी त्वचा को डार्क किया, दाग-धब्बे और पिंपल्स जोड़े, जिससे चेहरा अस्वस्थ दिखे। मेरे बालों को मैसी और डैमेज्ड दिखाने के लिए उन्हें बार-बार बैककॉम्ब किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में 2-3 घंटे लगते थे, क्योंकि हर छोटी-छोटी डिटेल्स को बारीकी से जोड़ा गया था। बदलाव इतना गहराई से किया गया था कि कोई मुझे पहचान ही नहीं पाया।
आरविका आगे कहती हैं,
“मेकअप और कॉस्टयूम के साथ पहला शॉट बहुत यादगार था। एक अभिनेता के लिए सबसे जरूरी बात यह होती है कि वह अपने किरदार में पूरी तरह ढल जाए, और जब लुक सही हो, तो समझो आधी जंग जीत ली। उसके बाद आपकी परफॉर्मेंस ही दर्शकों को जोड़ती है।
यह क्राइम ड्रामा ‘चिड़िया उड़’, जिसे निर्देशक रवि जाधव ने बनाया है, लेखक आबिद सूरती के उपन्यास ‘केजेस’ पर आधारित है। यह मुंबई के अंडरवर्ल्ड की एक रोमांचक कहानी प्रस्तुत करता है।
आरविका खुशी जाहिर करते हुए कहती हैं,
“सीरीज़ फिलहाल अमेज़न पर स्ट्रीम हो रही है, और मुझे मेरे परफॉर्मेंस के लिए बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। चंपा मेरे दिल के बहुत करीब है, और यह किरदार मेरे लिए हमेशा खास रहेगा।


