मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई गई, वहीं उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। आज विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें नेतृत्व, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कलश यात्रा एवं भव्य रोड शो के माध्यम से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित माताओं एवं बहनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट कर स्वागत किया।मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नारी ज्ञान, विवेक और समृद्धि की आधारशिला है। वह समाज को दिशा देने के साथ ही भविष्य का निर्माण करती है और अपने सामर्थ्य से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति के बिना पहाड़ के जीवन और विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं का अदम्य साहस, संघर्ष और प्रकृति के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

