दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत इलाके में भीड़ जुटाने और अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को तीन घंटे तक बैठक हुई। इसके बाद जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली के बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।कॉकरोच जनता पार्टी यानी कि CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, लेकिन पार्टी के सदस्यों ने बिना अनुमति आंदोलन करने की बात कही है। इसके बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 26 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। सेंट्रल दिल्ली में एक हजार से ज्यादा नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं और 37 जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है।दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि इलाके में धारा 163 लागू है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।

