सैफ अली खान ने माना कि कभी-कभी वह भावनात्मक रूप से ज्यादा ध्यान चाहते हैं. उन्होंने कहा कि कई बार इंसान की असुरक्षाएं बचपन के अनुभवों से जुड़ी होती हैं और ऐसे में पार्टनर उन भावनाओं को संभालने में मदद करता है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रिश्ते में आजादी जरूरी है, लेकिन प्यार और ध्यान भी उतना ही जरूरी है. उनके मुताबिक शादी सिर्फ दो लोगों का साथ-साथ रहना नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें अपनापन और खास जुड़ाव भी होना चाहिए.
सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी को 13 साल हो चुके हैं. हाल ही में सैफ ने बताया कि उनकी खुशहाल शादी का राज क्या है. वो इसका पूरा क्रेडिट करीना को देते हैं. बहन सोहा अली खान से बातचीत में सैफ ने अपनी शादी और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उनकी शादी करीना कपूर के साथ इसलिए अच्छी चल रही है क्योंकि दोनों के बीच प्यार, अपनापन और आपसी समझ है. साथ ही एक्टर ने अपनी इनसिक्योरिटीज पर भी बात की.
सैफ ने कहा कि वह खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि आज वह एक स्थिर और खुशहाल रिश्ते में हैं. उनके मुताबिक पहले उनके रिश्ते इतने स्थिर या खुशहाल नहीं रहे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी अपनी समझदारी और करीना की दयालुता और समझ ने इस रिश्ते को मजबूत बनाया है.


