कांग्रेस सांसद व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और बढ़ते वैश्विक तनाव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तीखा और भावनात्मक बयान जारी किया है।
उन्होंने अपने पोस्ट में किसी संप्रभु राष्ट्र के नेतृत्व की लक्षित हत्या और निर्दोष नागरिकों की मौत को “अत्यंत निंदनीय” बताया। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों का दावा करने वाले देशों द्वारा इस तरह की कार्रवाई चिंताजनक है और किसी भी परिस्थिति में इसका समर्थन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों का संघर्ष में घसीटा जाना बेहद दुखद है और इससे वैश्विक शांति को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उनके अनुसार, दुनिया को इस समय और युद्धों की नहीं, बल्कि संवाद, संयम और कूटनीति की आवश्यकता है।
अपने संदेश में उन्होंने महात्मा गांधी के प्रसिद्ध कथन “आंख के बदले आंख से पूरा विश्व अंधा हो जाएगा” का उल्लेख करते हुए नेताओं से शांति की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की।
साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार प्रभावित देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।


