कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के इंदौर में पत्रकारों से बात करते हुए चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कहा, “मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि चुनाव आयुक्त को निष्पक्ष चुनाव कराने का संवैधानिक अधिकार है तो क्या निष्पक्ष चुनाव हो रहे हैं? क्या मतदाता सूची निष्पक्ष रूप से तैयार हो रही है? जिस तरह से भाजपा के पास वोटर लिस्ट की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध है, हमारे पास क्यों नहीं है, क्या यही निष्पक्षता है? आज राहुल गांधी ने इन्हीं सवालों के साथ मतदाता अधिकार यात्रा शुरू की है। वे इनका जवाब नहीं दे रहे हैं और हम पर आरोप लगा रहे हैं।मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव में धांधली के गंभीर आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विपक्षी नेताओं के सभी आरोपों के जवाब दिए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की प्रक्रिया को सही बताया। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव से पहले ऐसा करना जरूरी है, ताकि मतदाता सूची में मौजूद गड़बड़ियों को ठीक किया जा सके। हालांकि, विपक्ष के नेता चुनाव आयुक्त के जवाबों से संतुष्ट नहीं नजर आए और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।


