मुंबई :रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ये घटना मुंबई से सामने आई है, जहां एक पोते ने अपनी ही बीमार दादी को कूड़े के ढेर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि बुजुर्ग महिला कैंसर से पीड़ित है.
जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि गुलाबी रंग के कपड़े पहने एक बुजुर्ग महिला कूड़े के ढेर में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि महिला के नाक पर चोट के निशान थे। तुरंत बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पोते के साथ मुंबई के मलाड इलाके में रहती है। महिला की उम्र करीब 60 साल है। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि महिला संभवतः स्किन कैंसर से पीड़ित है। हालांकि, बीमारी की पुष्टि विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।


