मुंबई :महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार घायलों का मुफ्त इलाज कराएगी।देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘पचोरा के निकट एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कुछ लोगों की मौत बहुत दर्दनाक है। मैं उन्हें अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरे सहयोगी मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और जिला कलेक्टर कुछ ही समय में वहां पहुंच रहे हैं। पूरा जिला प्रशासन रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है और घायलों के इलाज के लिए तत्काल इंतजाम किए जा रहे हैं। आठ एंबुलेंस भेजी गई हैं। घायलों के इलाज के लिए सामान्य अस्पताल के साथ-साथ आसपास के अन्य निजी अस्पतालों को तैयार रखा गया है। आपातकालीन प्रणालियों जैसे ग्लासकटर, फ्लड लाइट आदि को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। हम पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और सभी आवश्यक सहायता तुरंत प्रदान की जा रही है। मैं जिला प्रशासन के संपर्क में हूं।पचोरा के पारधाड़े स्टेशन के पास पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने चेन पुलिंग की और ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। इसके बाद यात्री दूसरे ट्रैक पर आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कई यात्री घायल हो गए।


