पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 31 साल है और वह ऑटो ड्राइवर है। आरोपी बिहार के मोतिहारी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और बांद्रा पहुंचा। पुलिस से बचने और भीड़ में आसानी से घुलने-मिलने के लिए उसने ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर किया। बांद्रा स्टेशन पर पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 10 किलो 10 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है।मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांद्रा रेलवे स्टेशन से एक आरोपी को 10 किलो 10 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एंटी नारकोटिक्स सेल की DCP पूर्णिमा चौगुले शृंगी के मुताबिक, वर्ली ANC को सूचना मिली थी कि बिहार का रहने वाला एक व्यक्ति ट्रेन के जरिए ड्रग्स की खेप लेकर मुंबई पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बांद्रा रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई।जांच में सामने आया है कि आरोपी ड्रग्स कैरियर के तौर पर काम कर रहा था। उसका काम ड्रग्स की खेप मुंबई लाकर किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपना और फिर वापस लौट जाना था। अब एंटी नारकोटिक्स सेल यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से आई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चरस की खेती देश के किसी हिस्से में हुई थी या फिर इसे नेपाल अथवा किसी अन्य देश से मुंबई लाया गया था। इसके अलावा खेप मुंबई में किसे सौंपी जानी थी और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 21 अगस्त तक पुलिस हिरासत (PC) में भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मुंबई में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बांद्रा स्टेशन पर 10 किलो से ज्यादा चरस के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया

