COLORS के शो ‘जुही मुई’ की रोमांचक कहानी में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दिग्गज अभिनेता साई बल्लाल शो में अहलावत के किरदार में एंट्री करने जा रहे हैं। वह सायम के पिता और एक ताकतवर नए विरोधी की भूमिका निभाएंगे, जो जुही के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती बनने वाला है। अपने दमदार और प्रभावशाली किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले साई बल्लाल की एंट्री कहानी में संघर्ष का एक नया अध्याय जोड़ने वाली है।
जुही हमेशा अपने और अपने करीबियों के लिए मजबूती से खड़ी रही है, चाहे परिस्थितियां कितनी भी मुश्किल क्यों न हों। लेकिन अब अहलावत के उसकी जिंदगी में आने से उसके सामने एक नई और बड़ी चुनौती खड़ी होने वाली है। सायम के पिता अहलावत प्रभावशाली और अपनी बात मनवाने वाले व्यक्ति हैं, जो चाहते हैं कि हर चीज उनके मुताबिक हो। उनकी एंट्री परिवार में नए तनाव पैदा करेगी और जुही को मुश्किल स्थिति में डाल देगी।
अहलावत जुही के फैसलों को चुनौती देंगे, उसकी मजबूती की परीक्षा लेंगे और उसकी राह को और कठिन बना देंगे। ऐसे में सवाल यह है कि क्या जुही सायम के पिता के प्रभाव का सामना करते हुए अपने लिए और अपने प्रियजनों के लिए मजबूती से खड़ी हो पाएगी? या फिर अहलावत का प्रभाव उसकी जिंदगी की दिशा ही बदल देगा?
‘जुही मुई’ की दुनिया में कदम रखने को लेकर साई बल्लाल ने कहा, “COLORS में वापस लौटना मेरे लिए किसी परिचित और खास जगह पर लौटने जैसा है और मैं ‘जुही मुई’ का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। अहलावत एक मजबूत इरादों वाला और शक्तिशाली व्यक्ति है, जो हर चीज अपने तरीके से करना चाहता है। इतने दमदार किरदार को निभाना मेरे लिए एक रोमांचक चुनौती रहा है।
इस अनुभव को और खास बनाता है विजयेंद्र कुमेरिया के साथ दोबारा काम करना। हमने ‘उड़ान’ के दौरान एक शानदार सफर और सच्ची दोस्ती साझा की है। इतने वर्षों बाद एक ही सेट पर दोबारा मिलना बेहद पुरानी यादों को ताजा करने वाला और रोमांचक अनुभव रहा। हालांकि इस बार पर्दे पर हमारा रिश्ता बिल्कुल अलग है, क्योंकि मैं उनके पिता की भूमिका निभा रहा हूं।
ऑफ-स्क्रीन हमारा रिश्ता पहले जैसा ही है, लेकिन दर्शकों को पर्दे पर पिता और बेटे के रूप में हमारे बीच बिल्कुल अलग तरह की केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। मैं इस रिश्ते को निभाने और यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि अहलावत की एंट्री सायम और जुही की कहानी में किस तरह नया मोड़ लाती है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस नए अध्याय को पसंद करेंगे।”
‘जुही मुई’ देखें हर सोमवार से शुक्रवार रात 9:30 बजे, सिर्फ COLORS पर और कभी भी JioHotstar पर।

