महिला आरक्षण विधेयक पर SAD का समर्थन मिलने के बाद रिजिजू ने लिखा मैं शिरोमणि अकाली दल के इस बेहद महत्वपूर्ण फैसले का दिल से स्वागत करता हूं, जो शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से कायम की गई मिसाल के बाद लिया गया है। हमें महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक निष्पक्ष और समान परिसीमन सुनिश्चित करने के साथ एकजुट होकर काम करना चाहिए, ताकि उन्हें बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर शिरोमणि अकाली दल के समर्थन का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबर राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने निष्पक्ष और समान परिसीमन की जरूरत पर भी जोर दिया। रिजिजू ने शनिवार को X पर कहा कि SAD का यह फैसला शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पहले कायम की गई मिसाल के बाद आया है।
दरअसल, SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को पार्टी की वरिष्ठ नेताओं की बैठक में महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करने की मांग की। चंडीगढ़ में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में संसद के सामने मौजूद कई अहम विधायी मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद बादल ने X पर कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने आज चंडीगढ़ में वरिष्ठ नेताओं की बैठक में देश में महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बराबरी को लेकर पार्टी की सोच सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरित है। बादल ने कहा शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं की गरिमा, समानता और समान अधिकारों की वकालत की। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपने सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान करके पहले ही एक मिसाल कायम की है।

