शिकायत के अनुसार अदिति शर्मा ने इन तीनों पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज, उनके चरित्र पर सवाल उठाने और उनकी शादी के समय मिले गहने का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है, जो उन्हें अभी तक वापस नहीं मिले हैं।’अपोलीना – सपनों की ऊंची उड़ान’, ‘रब से है दुआ’ और ‘कलीरें’ जैसे शो के लिए मशहूर टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने अपने पति और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है और मामले की जांच चल रही है। यह FIR 31 जुलाई को अदिति के पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, उनकी मां उर्मिला कौशिक और बहन कीर्ति कौशिक के खिलाफ दर्ज की गई थी। अदिति शर्मा लंबे समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में है और अब घरेलू हिंसा की वजह से खबरों में बनी हुई हैं।अदिति शर्मा के अनुसार यह कपल 12 नवंबर 2024 को दोनों परिवारों की सहमति से शादी करने से पहले सितंबर 2024 में गोरेगांव वेस्ट के एक अपार्टमेंट में साथ रहने लगा था। एक्ट्रेस की शिकायत के अनुसार अदिति ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उनके पति का व्यवहार बदल गया। उन्होंने दावा किया कि उनके कपड़ों और अन्य छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के खर्चों में योगदान देने के बजाय, उनके पति उनसे अक्सर पैसे मांगते थे। शिकायत में 1 जनवरी 2025 की एक घटना का भी जिक्र है, जब कॉफी को लेकर हुई बहस गाली-गलौज में बदल गई। अदिति ने दावा किया कि इस घटना के बाद उनके पति उनके चरित्र पर शक करने लगे, उन पर अफेयर का आरोप लगाया, बार-बार उनका मोबाइल फोन चेक करने लगे और आखिरकार अलग कमरे में सोने लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से रोका जाता था।

