महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छात्र आंदोलन की आड़ में विपक्ष अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहा है। फडणवीस ने राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करें, छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति करना ठीक नहीं है। फडणवीस ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि यूपीए सरकार के दौरान कितनी बार पेपर लीक हुए थे, यह बात किसी से छिपी नहीं है। राहुल गांधी सिर्फ छात्रों के बहाने देश में हंगामा और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा का सबसे महत्वपूर्ण स्थान संसद है। राहुल गांधी चर्चा से इसलिए भागते हैं क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी पोल खुल जाएगी। फडणवीस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष छात्रों के भविष्य की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन कर रही है।

