Breaking
Mon. Mar 23rd, 2026
Spread the love

मुंबई:जहां अनगिनत महिलाओं की कद्र आज भी उनकी काबिलियत से ज़्यादा उनके आकार के अनुसार की जाती है, वहीं सोनाक्षी सिन्हा सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुर्खियों में आई हैं। कलर्स की आगामी पेशकश ‘मेरी भव्या लाइफ’ के साथ जुड़कर, जिसमें नवोदित प्रिशा धतवालिया मुख्य भूमिका में हैं, सोनाक्षी शारीरिक आकार के प्रति समाज के जुनून और इससे जुड़े सुंदरता के विषाक्त मानदंडों की नई कहानी लिख रही हैं। प्रिशा अभिनीत भव्या के साथ साइज़िज्म और बॉडी पॉज़िटिविटी के बारे में एक स्पष्ट बातचीत करते हुए, सोनाक्षी ने उस पाखंड को उजागर किया जो महिलाओं से बड़े सपने देखने के लिए कहता है, लेकिन केवल तभी जब उनके कपड़ों का साइज़ डबल एक्सएल न हों। सोनाक्षी और प्रिशा ने चुपचाप दिए जाने वाले उस आघात को उजागर किया जो बचपन में ही शुरू हो जाता है, जब रिश्तेदारों की अनचाही टिप्पणियां चिंता का रूप ले लेती हैं, जिससे गहरे भावनात्मक घाव पीछे छूट जाते हैं। दबंग अभिनेत्री ने उस दोहरे मापदंड की पूरी तरह से आलोचना की, जिसका सामना महिलाओं को हर दिन करना पड़ता है। बचपन के तानों के आघात से लेकर ऑनलाइन ट्रोल के सदमों तक, उन्होंने हर तरह के अपमान का सामना किया है। उन्होंने खुलासा किया कि वह भव्या के सफर को ऐसी महिला के रूप में जी चुकी हैं, जो किसी और के सांचे में फिट होने के लिए अपनी रोशनी को कम करने या अपनी सच्चाई को छोटा करने के तैयार नहीं है।

सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, “मेरी भव्या लाइफ़ एक ताज़ी हवा का झोंका है, क्योंकि पहली बार मेकओवर का फ़ोकस लड़की का रंगरूप बदलने पर नहीं है – यह नज़रिया बदलने के बारे में है। यह शो भव्या को समाज के छोटी सोच में फिट करने की कोशिश नहीं करता है – यह लोगों के दिल और मानसिकता का विस्तार करता है। इस तरह के बदलाव को हमें और देखने की ज़रूरत है। मैंने लेबल, घूरने, अनचाही सलाह को झेला है – बॉडी पॉज़िटिविटी केवल बदलाव का आह्वान नहीं है; यह अपने हक की ज़मीन को ​हासिल करने के बारे में है।”

 

मेरी भव्या लाइफ़ के लिए सोनाक्षी सिन्हा से हाथ मिलाने पर प्रिशा धतवालिया ने कहा,  “पहली बार सोनाक्षी मैम से मिलकर, मैं वाकई बहुत उत्साहित थी – वह ऐसी शख्सियत हैं जो मुझे बहुत लंबे समय से पसंद रही हैं। लेकिन जिस पल हमने बातचीत शुरू की, उनके उत्साह ने मुझे सहज कर दिया। उन्होंने मेरी भव्या लाइफ को सिर्फ अपनी आवाज़ ही नहीं दी – उन्होंने इसे अपना दिल दिया है। हर बातचीत के दौरान, उन्होंने मेरी बातों को सुना, मुझे समर्थन दिया और सम्मानित महसूस कराया। भव्या की कहानी पर उनके विश्वास ने मुझे याद दिलाया कि इसे ज़ोर से और गर्व के साथ बताना इतना महत्वपूर्ण क्यों है – और यह आत्मविश्वास हर कदम पर मेरे साथ रहा है। मैं दर्शकों को भव्या से मिलाने और आत्म-सम्मान के इस सफर में उन्हें अपने साथ शामिल करने का इंतज़ार नहीं कर सकती।”

 

‘मेरी भव्या लाइफ’ की कहानी भव्या (प्रिशा धतवालिया) के इर्द-गिर्द घूमती है – एक शानदार आर्किटेक्ट, गोल्ड मेडलिस्ट, और प्लस-साइज़ वाली महिला जिसे मंडप में उसके दूल्हे ने छोड़ दिया है, क्योंकि वह उसकी आत्मा से ज़्यादा उसके पिता के कद में दिलचस्पी रखता है। लेकिन वह टूटने वाली नहीं है – वह फिर से उठ खड़ी होती है। प्रतिभा, शालीनता और अडिग आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती है। तभी उसकी ज़िंदगी में उसका विपरीत किरदार रिशांक (करण वोहरा) आता है, एक फिटनेस फ्रीक और तारीफ का भूखा इंसान, जो उसके लिए अप्रत्याशित चुनौती बन जाता है।

शीर्षक भूमिका में प्रिशा धतवालिया और रिशांक के रूप में करण वोहरा अभिनीत, ‘मेरी भव्या लाइफ’ का प्रीमियर 30 अप्रैल 2025 को शाम 7:00 बजे कलर्स और जिओहॉटस्टार पर होगा।

Print Friendly, PDF & Email

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *