मामला झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीगोल खिड़की बाहर इलाके का है। यहां रहने वाले रिजवान की बहन का रिश्ता मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दिलखुश बाग निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद शनिवार रात शिवपुरी रोड स्थित एक विवाह घर में निकाह का कार्यक्रम रखा गया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक भोपाल से बरात झांसी पहुंची। लड़की पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया और शादी की सभी रस्में निभाई गईं। इसके बाद मौलाना की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन का निकाह भी संपन्न हो गया। परिवार को उम्मीद थी कि अब खुशी-खुशी दुल्हन की विदाई होगी, लेकिन निकाह के बाद ही पूरा मामला बिगड़ गया।दुल्हन पक्ष का आरोप है कि निकाह के तुरंत बाद दूल्हे ने 45 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। अचानक इतनी बड़ी मांग सुनकर लड़की वाले हैरान रह गए। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी रकम और मोटरसाइकिल देने में असमर्थता जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिशें होती रहीं, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
इसी तनाव के बीच दुल्हन के पिता इरफान की तबीयत बिगड़ गई। उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। परिजन बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। लड़की पक्ष का आरोप है कि पिता के अस्पताल पहुंचते ही दूल्हा और उसके परिजन बरातियों के साथ विवाह घर छोड़कर चले गए।उधर, दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए और शादी के जोड़े में सजी दूल्हे का इंतजार करती रही। परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद मामला सुलझ जाएगा और दूल्हा वापस लौटेगा, लेकिन रातभर इंतजार करने के बावजूद उसकी तरफ से कोई संपर्क नहीं किया गया।इसके बाद परेशान लड़की पक्ष सीपरी बाजार थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
दूल्हे ने ऐसी मांग रख दी, जिसने शादी की खुशियों को विवाद में बदल दिया

