एनडीए नेताओं ने ओवैसी पर वोटबैंक की राजनीति करने और शिक्षा के मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया। ओवैसी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले की कड़ी आलोचना की थी, जिसमें प्रयागराज के एक स्कूल के नाबालिग छात्र की याचिका खारिज कर दी गई थी। छात्र ने तय स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब पहनने की अनुमति मांगी थी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘असदुद्दीन ओवैसी अपने आप को क्या समझते हैं, यही समझ नहीं आता है। क्या वे भारत के संविधान को मानने वाले लोग हैं या संविधान के विरुद्ध चलने वाले लोग हैं। अगर उनके मन मुताबिक फैसला कोर्ट दे, तो वो ठीक, अगर मन मुताबिक फैसला नहीं हो तो कोर्ट का विरोध करते हैं। भारत में अगर रहना है तो भारत के संविधान को ही मानना पड़ेगा।भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा, ‘कांग्रेस हो या ओवैसी हो, अगर वो कह रहे हैं कि हिजाब पहनना जरूरी है तो उन्हें जवाब देना होगा कि जो मुस्लिम बहन-बेटियां हिजाब पहनने से इनकार करती हैं तो क्या वे मुस्लिम नहीं हैं। इस देश और दुनिया में अनेकों मुस्लिम बहन-बेटियां हिजाब नहीं पहनती हैं।

