पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना कोहोरा रेंज के अंतर्गत हथिकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में नेशनल हाईवे-715 पर हुई। मिनीबस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनीबस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गया। वहीं, कंटेनर ट्रक सड़क किनारे फिसलकर जा पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिनीबस में करीब 45 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या कॉलेज के छात्रों की थी, जो अपनी कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे में कई छात्र-छात्राओं की जान चली गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।हादसे के बाद घायलों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बोकाखात सिविल अस्पताल, गोलाघाट और जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 9 एंबुलेंस लगाई गई थीं। करीब 20 घायलों को उन्नत इलाज के लिए जोरहाट भेजा गया।
कोहोरा मॉडल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक दीपम कुमार बर्मन ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। अलग-अलग अस्पतालों में घायलों को भर्ती कराया गया है और मृतकों व घायलों का पूरा आंकड़ा जुटाया जा रहा है।

