(हिन्द समर्थन ब्यूरो)
रोमांटिक गानों ‘प्यार मांगा है तुम्हीं से’, ‘पुराने दिन’ और ‘जाने किस मो
-
ड़ पे’ से दर्शकों का दिल जीतने के बाद, ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के मेकर्स अब अपने नए गाने ‘ज़ुल्मी’ के साथ म्यूज़िक का जोश बढ़ाने के लिए तैयार हैं। कुछ गाने ऐसे होते हैं, जिनकी धुन पर पैर अपने आप थिरकने लगते हैं, तो कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो आपको एक पल के लिए भी शांत नहीं बैठने देते। ‘ज़ुल्मी’ एक जोशीला पार्टी ट्रैक है, जिसकी ऊर्जा और शानदार बीट्स आपको डांस फ्लोर पर जाने और थिरकने के लिए मजबूर कर देंगी।
इस गाने में सर्गुन कौर लूथरा मुख्य आकर्षण के रूप में नज़र आ रही हैं। अपने आकर्षक अंदाज़, शानदार ऊर्जा और सहज डांस मूव्स से वह गाने में चार चाँद लगा देती हैं। वहीं, तुषार छिब्बर भी अपने चुलबुले अंदाज़ से उनका बखूबी साथ देते हैं। दोनों की मज़ेदार केमिस्ट्री और शानदार स्क्रीन प्रेज़ेंस गाने को और भी जीवंत बना देती है। कुनाल वैद, साक्षी वैद्या, स्पर्श वालिया और अलीशा चोपड़ा भी इस गाने में शामिल होकर इसकी ऊर्जा और पार्टी के माहौल को और खास बनाते हैं।
तनिष्क बागची के संगीत, हीर की आवाज़ और कुमार के बोलों से सजा ‘ज़ुल्मी’ अपनी दिलचस्प लय और मस्तीभरे अंदाज़ के साथ सहज डांस मूव्स, बेफिक्र पलों और उन रातों के लिए बिल्कुल परफेक्ट है, जब संगीत का जादू हर किसी पर छा जाता है। बॉस्को मार्टिस की कोरियोग्राफी से सजे इस ट्रैक में सर्गुन कौर लूथरा बेहद सहजता और ऊर्जा के साथ अपने डांस मूव्स और हुक स्टेप्स करती नज़र आती हैं।
गाने के बारे में बात करते हुए संगीतकार *तनिष्क बागची ने कहा* , “’ज़ुल्मी’ के साथ हमारा उद्देश्य एक ऐसा म्यूज़िकल साउंड तैयार करना था, जो मज़ेदार, नया और थोड़ा अप्रत्याशित हो। मुझे संगीत के अलग-अलग रंगों को तलाशना पसंद है और इस ट्रैक ने कुछ चुलबुला और अलग करने का मौका दिया। कुमार जी के बोल गाने की अनोखी और शरारती भावना को खूबसूरती से बयां करते हैं। लव रंजन के साथ काम करना हमेशा शानदार अनुभव रहा है, क्योंकि वह आपको अपनी रचनात्मकता को तलाशने और कुछ अलग पेश करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हीर ने अपनी आवाज़ से गाने में एक अलग रंग जोड़ा है। मैं दर्शकों के ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के हिस्से के रूप में इस गाने को अनुभव करने के लिए उत्साहित हूँ।”
*गीतकार कुमार ने आगे कहा,* “’ज़ुल्मी’ जैसे गाने को लिखने के लिए शब्दों और संगीत के मिज़ाज के बीच सही तालमेल बिठाना ज़रूरी होता है। बोलों में अपनी अलग पहचान होनी चाहिए, साथ ही गाने का हल्कापन और मनोरंजक अंदाज़ भी बरकरार रहना चाहिए। हम इस ट्रैक को एक अलग व्यक्तित्व देना चाहते थे और मुझे उम्मीद है कि जब श्रोता इसे सुनेंगे, तो उन्हें इसकी खासियत ज़रूर महसूस होगी।”
*गायिका हीर ने कहा* , “’ज़ुल्मी’ की रिकॉर्डिंग का अनुभव बेहद मज़ेदार और ताज़गीभरा रहा। मैं दर्शकों तक यह गाना पहुँचने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूँ। उम्मीद है कि यह गाना लोगों के जश्न का हिस्सा बनेगा और उनकी पसंदीदा प्लेलिस्ट में भी अपनी जगह बनाएगा।”
यह गाना टी-सीरीज़ म्यूज़िक पर उपलब्ध है।
लव फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है। फिल्म के निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

