प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन में दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनकल्याण हो यही प्रभु श्रीराम का आदर्श है। पीएम मोदी ने आगे जनता से ये भी कहा कि हमें मां भारती के शत्रुओं को पहचानना होगा और उन्हें साथ मिलकर हराना होगा।दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे विचार समान हों। देश की सभी संस्थाएं और सभी राजनीतिक दल राष्ट्रीय हित के लिए एक साथ खड़े हों। हमें इसी भावना पर चलना होगा। हमें देश के दुश्मनों के साथ मिलकर लड़ना होगा। देश के मान-सम्मान को चोट पहुंचाने वाली ताकतें, समाज को बांटने वाले लोग, हमारी संस्कृति से नफरत करने वाली मानसिकता, ये देश के दुश्मन हैं। आज, विजयादशमी के इस शुभ अवसर पर हमें अपना संकल्प फिर से दोहराना है। हमें ‘मां भारती’ के शत्रुओं को पहचानना होगा, उन्हें परास्त करना होगा और राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेते हुए सबको एक साथ आना होगा। मुझे विश्वास है कि अयोध्या मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान राम से राष्ट्र और देव से देश की संकल्पना जो हमने की है, उसे हम जरूर पूरा करेंगे।
सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनकल्याण हो यही प्रभु श्रीराम का आदर्श है: मोदी

