इंस्टाग्राम पर गुरदीप मेहंदी ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सीधे कैमरे के सामने आकर कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई इस घटना पर उनका यही पक्ष है। उन्होंने इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया। दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप ने बताया कि जब यह घटना हुई तब वह भारत से बाहर थे। बाद में जब उन्होंने अपने पिता से पूछा कि उनका हाल कैसा है तो गायक ने जवाब दिया कि वह ‘एकदम ठीक’ हैं। गुरदीप ने आगे कहा, ‘मैंने एक शो में वह हिस्सा शामिल किया था, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। जाहिर है कि हम तनाव में हैं और एक परिवार के रूप में हम मिलकर इस स्थिति का सामना कर रहे हैं। समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री और मेरे चाचा जी, मीका सिंह भी शामिल हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘इसी तरह हम पर अपना प्यार बरसाते रहें। कृपया हमारा समर्थन करें। जैसा कि पापा कहते हैं बाकी सब भगवान देख लेंगे।दलेर मेहंदी तब चर्चा में आ गए, जब उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उन्हें फटकार लगाई। मंत्री ने उनके बर्ताव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दलेर नशे की हालत में थे। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने उनका बचाव करते हुए कहा कि दलेर कभी शराब नहीं पीते, जिसके बाद कई हस्तियां और गायक उनके समर्थन में आगे आए। अब इस घटना के कुछ दिनों बाद गायक दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने इस मामले पर पहली बार अपना बयान साझा किया है।
उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के दलेर मेहंदी पर आरोप लगाने के बाद उनके बेटे गुरदीप मेहंदी ने पहली बार इस मामले पर अपनी बात रखी

