‘इंडियन सिनेमा के सुपरहीरो’ प्रभास को मेकर्स ने खास वीडियो के साथ किया बर्थडे विश!
रेबल स्टार प्रभास के बर्थडे पर उनके फैंस को मिला एक दमदार सरप्राइज! 🎉 फिल्म ‘कल्कि 2898 AD 2’ के मेकर्स ने एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें प्रभास एक बार फिर भैरव के अवतार में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने फिल्म के अगले चैप्टर को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने प्रभास को ‘इंडियन सिनेमा का सुपरहीरो’ और ‘हर जनरेशन का डार्लिंग’ बताया। पोस्ट में लिखा, “इंडियन सिनेमा के सुपरहीरो और हर जनरेशन के डार्लिंग, रेबल स्टार #Prabhas को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं! आपके साथ एक और एपिक सिनेमैटिक सफर शुरू करने के लिए हम बेहद एक्साइटेड हैं। #Kalki2898AD ⚡️ #HappyBirthdayPrabhas”
इस खास वीडियो में प्रभास की ‘कल्कि 2898 AD 2’ के सेट पर वापसी की झलक देखने को मिलती है। भैरव के अंदाज में नजर आ रहे प्रभास को डायरेक्टर नाग अश्विन एक सीन के लिए गाइड करते दिखाई देते हैं। पर्दे के पीछे की ये झलक फैंस को फिल्म की मेकिंग की एक छोटी सी झलक देती है और सीक्वल के लिए उत्सुकता को और बढ़ा देती है।
‘कल्कि 2898 AD’ में भैरव बनकर प्रभास ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। उनके किरदार का मजेदार अंदाज, दमदार स्वैग और जबरदस्त एक्शन फैंस को खूब पसंद आया। भारतीय पौराणिक कथाओं और फ्यूचरिस्टिक कहानी के अनोखे कॉम्बिनेशन ने भी दर्शकों को फिल्म के अगले पार्ट का बेसब्री से इंतजार करने पर मजबूर कर दिया।
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी ‘कल्कि 2898 AD’ ने इस साल दो नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और शानदार मुकाम जोड़ लिया है। साल 2024 की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में प्रभास के साथ अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पटानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
डिस्टोपियन भविष्य की दुनिया में सेट यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है, जहां पूरी दुनिया भगवान विष्णु के भविष्यवाणी किए गए दसवें अवतार कल्कि का इंतजार कर रही है, जो धरती पर संतुलन बहाल करने आएंगे।
फिलहाल ‘कल्कि 2898 AD 2’ की कहानी से जुड़ी डिटेल्स को सीक्रेट रखा गया है, लेकिन बर्थडे पर सामने आई इस खास झलक ने इतना तो साफ कर दिया है कि भैरव की वापसी के लिए फैंस का इंतजार और भी रोमांचक होने वाला है!

