सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना में गड़बड़ी नहीं होती, तो सपा सभी सीटें जीत सकती थी। उन्होंने गिनती के दौरान हुए विवादों के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए। आगरा में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल पर हमला किया गया और बीजेपी ने गड़बड़ी करके चुनाव जीतने की कोशिश की। हालांकि, आखिरकार आकाश अग्रवाल ही चुनाव जीत गए। मतगणना के दौरान आकाश धरने पर भी बैठे थे। जीत के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का भारी समर्थन मिला, इसलिए वह चुनाव जीत पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश की। आकाश ने चुनावी माहौल पर चिंता जताते हुए कहा कि विधान परिषद चुनावों की मौजूदा स्थिति देखकर लगता है कि भविष्य में शायद वही पार्टियां उम्मीदवार उतारेंगी, जिनकी सरकार होगी।वाराणसी की स्नातक और शिक्षक, दोनों विधान परिषद सीटें पहले भी सपा के पास थीं। इस बार भी दोनों सीटों पर सपा की जीत तय बताई गई। मतगणना के दौरान बीजेपी और सपा के एजेंटों के बीच कहासुनी हुई। अखिलेश ने इसे मुद्दा बनाते हुए कहा कि बनारस ने बीजेपी की नाकामी का रोड शो निकाल दिया है और अब नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। सपा नेता उदयवीर सिंह ने भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता इधर-उधर की बातें करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि वाराणसी में उनकी हार क्यों हुई। उदयवीर ने दावा किया कि वाराणसी में बीजेपी की हार इस बात का संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्या हो सकता है।

