उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में हुए इन चुनावों में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस 28 सीटों पर अपना खाता नहीं खोल पाई। बीजेपी ने अपना दबदबा बनाए रखा, जबकि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया। बिहार में प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी एक सीट जीतने में कामयाब रही।उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों पर चुनाव हुए। करीब 36 घंटे की मतगणना के बाद उपलब्ध नतीजों और रुझानों के मुताबिक, बीजेपी को 6 और सपा को 5 सीटें मिलने का अनुमान है। साल 2020 में भी बीजेपी के पास 6 सीटें थीं, जबकि सपा की सीटें 3 से बढ़कर 5 हो गईं। इस तरह बीजेपी को न फायदा हुआ, न नुकसान, लेकिन सपा ने 2 सीटों का फायदा हासिल किया। सपा ने वाराणसी शिक्षक, आगरा शिक्षक और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर जीत दर्ज की। नतीजों से अखिलेश यादव उत्साहित हैं, लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं को सावधानी बरतने की सलाह दी। अखिलेश ने कहा कि जोश में होश नहीं खोना चाहिए और जीत का जश्न शांति से मनाना चाहिए।

