बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान उपद्रव फैलाने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। बयान के अनुसार, सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखने और अफवाहें फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने या भड़काऊ बयानबाजी के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारी सीजन को लेकर मंगलवार को अधिकारियों संग बड़ी बैठक की। सीएम योगी ने अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। सामाजिक सौहार्द एवं सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम योगी ने मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए।

