मुंबई में दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच महाराष्ट्र के कई जिलों में स्कूल/कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका संचालित स्कूलों तथा कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी का ऐलान किया गया है। मुंबई सहित ठाणे, पालघर ,रायगड, रत्नागिरि जिलों में मूसलाधर बारिश की संभावना के चलते स्कूल कॉलेज को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे ऑपरेशन 1 घंटे के लिए रोकना पड़ा। इस वजह से इंडिगो की 4 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। रविवार को मुंबई एयरपोर्ट से अलग-अलग एयरलाइंस की 13 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।


